केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन नए कृषि बिलों के खिलाफ किसान प्रदर्शन कर रहे है। तो वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक तस्वीर ट्वीट कर किसानों का समर्थन करने के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा था। राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने शनिवार (28 नवंबर) को एक तस्वीर ट्वीट की थी, जिसमें एक जवान बुजुर्ग किसान पर डंडे चलाता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, राहुल गांधी के इस ट्वीट पर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी पलटवार करते हुए एक वीडियो शेयर कर इसका जवाब दिया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट का जवाब देते हुए बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक वीडियो ट्वीट किया और लिखा, ‘राहुल गांधी को सबसे अधिक बदनाम विपक्षी नेता होना चाहिए जो लंबे समय बाद भारत ने देखा है।’ बीजेपी आईटी सेल के अध्यक्ष ने अपने ट्वीट के साथ दो तस्वीरें साझा की हैं। पहली वाली राहुल गांधी वाली है जिसमें जवान किसान की डंडे से पिटाई करते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरे तस्वीर में दिखाई दे रहा है कि जवान की लाठी ने किसान को छुआ भी नहीं।
तस्वीर साझा कर राहुल गांधी ने लिखा था, ‘बड़ी ही दुखद फोटो’
दरअसल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट एक तस्वीर साझा की थी। तस्वीर में एक जवान किसान पर लाठी चलाते हुए दिखाई दे रहा है। तस्वीर साझा करने के साथ राहुल गांधी ने लिखा, ‘बड़ी ही दुखद फ़ोटो है। हमारा नारा तो ‘जय जवान जय किसान’ का था लेकिन आज PM मोदी के अहंकार ने जवान को किसान के ख़िलाफ़ खड़ा कर दिया। यह बहुत ख़तरनाक है।’
कानून बनाए वह ठीक, किसान दिल्ली आए तो वह गलत?
उत्तर प्रदेश के प्रभारी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने किसानों की तस्वीरे ट्वीट कर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने लिखा, भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए। जब भाजपा के खरबपति मित्र दिल्ली आते हैं तो उनके लिए लाल कालीन डाली जाती है। मगर किसानों के लिए दिल्ली आने के रास्ते खोदे जा रहे हैं। दिल्ली किसानों के खिलाफ कानून बनाए वह ठीक, मगर सरकार को अपनी बात सुनाने किसान दिल्ली आए तो वह गलत?।’