
जागरण समूह के चेयरमैन एवं जागरण परिवार के संरक्षक योगेंद्र मोहन का कानपुर में शुक्रवार को निधन हो गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। परिजनों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।
योगेंद्र मोहन का जन्म 14 दिसंबर 1937 में हुआ था वह कुछ समय से बीमार थे और निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कला एवं साहित्य में उनके अविस्मरणीय योगदान के अलावा वह खुद भी एक कवि थे। राष्ट्रपति कोविंद ने अपने शोक संदेश में कहा, दैनिक जागरण समूह के चेयरमैन योगेंद्र मोहन गुप्ता का निधन अत्यंत दुःखद है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट जारी कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने दैनिक जागरण समूह के अध्यक्ष योगेंद्र मोहन गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गुप्ता के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है।