
दिल्ली में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का दूसरा मामला सामने आया है। यहां जिम्बाब्वे से आए यात्री की जिनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई है। बताया जा रहा है कि शख्स की ट्रेवल हिस्ट्री में साउथ अफ्रीका भी शामिल है। इसी के साथ भारत में अब तक कोरोना के नए वैरिएंट से 33 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
दिल्ली में विदेशों से आए लोगों में से 27 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इनका सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था। अब तक 25 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जबकि दो लोग ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिले हैं।
भारत में ओमिक्रॉन के अब तक 33 केस मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 17, राजस्थान में 9, गुजरात में 3, दिल्ली में 2 और कर्नाटक में दो केस मिले हैं। राहत की बात ये है कि राजस्थान में सभी 9 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। महाराष्ट्र के पुणे में भी मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर कर्नाटक से एक ओमिक्रॉन मरीज दुबई भाग गया है। शुक्रवार को देश में ओमिक्रॉन के 9 केस सामने आए थे। इनमें से महाराष्ट्र में 7 और गुजरात के जामनगर में 2 केस मिले थे।
महाराष्ट्र में मिले मामलों में तीन केस मुंबई और 4 केस पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका में मिले हैं। मुंबई में मिले संक्रमित मरीजों की उम्र 48, 25 और 37 साल है। ये तीनों नागरिक तंजानिया, यूके और दक्षिण अफ्रीकी देश से आए हैं। जबकि पिंपरी चिंचवड में मिले चारों केस नाइजीरियन महिला के साथ कॉन्ट्रैक्ट में आए थे।
मुंबई में ओमिक्रॉन के केस आने के बाद महाराष्ट्र सरकार एक्शन में आ गई है। यहां 11-12 दिसंबर के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके अलावा रैली, जुलूस और मोर्चाओं पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।