
दिल्ली पुलिस ने बुल्ली बाई मोबाइल ऐप से जुड़े मामले पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने असम से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल सेल ने जानकारी दी है कि यह कार्रवाई इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटीजिक ऑपरेशन्स यूनिट ने की है। पुलिस आरोपी को लेकर दोपहर 3.30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच रही है। खबर है कि इस ऐप में आरोपी मुस्लिम महिलाओं को अपमानजनक तरीके से दिखा रहे थे। स्पेशल सेल ने बताया कि GitHub पर बुल्ली बाई तैयार करने वाला और मुख्य साजिशकर्ता और इस ऐप का ट्विटर खाताधारक को IFSO ने गिरफ्तार किया है. मुंबई पुलिस ने बुधवार को कहा कि ‘बुल्ली बाई’ ऐप के सिलसिले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें मुस्लिम महिलाओं की तस्वीर ऑनलाइन पोस्ट कर उन्हें बदनाम किया जा रहा था। पुलिस ने यह भी दावा किया कि ऐसा लगता है कि आरोपियों ने अपने ट्विटर हैंडल में सिख समुदाय से संबंधित नामों का इस्तेमाल किया था, जिससे कि लोगों को गुमराह किया जा सके और आरोपियों की पहचान न हो पाए।
मामले में बुधवार तड़के उत्तराखंड से मयंक रावत (21) को गिरफ्तार किया गया। श्वेता सिंह को मंगलवार को उत्तराखंड के ही रुद्रपुर से गिरफ्तार किया गया था, जबकि इंजीनियरिंग के छात्र विशाल कुमार झा (21) को सोमवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था। मुंबई पुलिस ने दो जनवरी को ऐप के बारे में शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की, जिसके बाद जांचकर्ताओं ने ऐप और संबंधित ट्विटर हैंडल का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया।