
केदारनाथ धाम की तीर्थ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का उपयोग करने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब और ढीली करनी पड़ेगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने 15 सितंबर 2025 से हेली सेवा के किराये में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें आगामी चरण की हेली सेवा पर लागू होंगी, जिसकी बुकिंग 10 सितंबर से IRCTC की वेबसाइट पर शुरू हो रही है।
UCADA के अनुसार हेली सेवा के किराये में लगभग 45.86 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। बढ़ी हुई दरें इस प्रकार हैं:
मार्ग पहले का किराया (₹) अब नया किराया (₹)
गुप्तकाशी → केदारनाथ ₹8,532 ₹12,444
फाटा → केदारनाथ ₹6,062 ₹8,842
सिरसी → केदारनाथ ₹6,060 ₹8,839
यह किराया प्रति तीर्थयात्री दोनों तरफ (आने-जाने) के लिए लागू होगा।
इस वर्ष 2 मई 2025 को केदारनाथ हेली सेवा का पहला चरण शुरू हुआ था, लेकिन शुरुआती उड़ानों के दौरान उत्तरकाशी और केदार घाटी में हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं के कारण सेवाएं प्रभावित रहीं। इसके बाद हेली सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। अब 15 सितंबर से सेवाओं का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है।
हेलीकॉप्टर सेवाओं को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए गृह सचिव शैलेष बगौली की अध्यक्षता में गठित 10 सदस्यीय समिति ने एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की है। 15 सितंबर से सभी हेली सेवाएं इस नई SOP के अनुसार संचालित की जाएंगी।
UCADA के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि “गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से संचालित हेली सेवाओं की सीटें और शटेल उड़ानों की संख्या सीमित होने के कारण किराया बढ़ाने की अनुमति दी गई है। यह निर्णय सेवा की गुणवत्ता और संचालन लागत को देखते हुए लिया गया है
हेलीकॉप्टर सेवा से केदारनाथ धाम की यात्रा करने की योजना बना रहे तीर्थयात्रियों को अब अधिक खर्च वहन करना होगा। हालांकि, नई SOP और सुरक्षा मानकों के चलते यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है।