
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों के आधार पर न केवल स्वतंत्रता संग्राम को नेतृत्व प्रदान किया, बल्कि एक ऐसा रास्ता दिखाया जो आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि हमें गांधी जी के सिद्धांतों को केवल स्मरण नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन और आचरण में उतारने का प्रयास भी करना चाहिए।
श्री धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि रखा। उनका दिया गया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी भारत की आत्मा को प्रकट करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी का संपूर्ण जीवन एक आदर्श लोकसेवक का उदाहरण है, जिससे आज की पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों महापुरुषों के विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे भी इन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के दिखाए मार्ग पर चलें और देश के विकास में योगदान दें।
इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।