देहरादून | 8 नवंबर 2025
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर हिमालयन संस्कृति केंद्र, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित हिमालय निनाद उत्सव-2025 में प्रतिभाग करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और संस्कृति के उत्थान के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हिमालय की विविध परंपराओं, लोक धुनों और साझा चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कलाकारों और संस्कृति से जुड़े सभी व्यक्तियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं दी और कहा कि यह अवसर केवल उत्सव का नहीं बल्कि आत्ममंथन और नए संकल्प का भी है।
घोषणाएँ और पहल
वृद्ध एवं आर्थिक रूप से कमजोर कलाकारों एवं लेखकों को मासिक पेंशन: सरकार ने ऐसे कलाकारों को दी जाने वाली पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹6,000 मासिक करने की घोषणा की।
सांस्कृतिक दलों के कलाकारों का मानदेय: संस्कृति विभाग के अंतर्गत सूचीबद्ध सांस्कृतिक दलों के कलाकारों को भारत सरकार के नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर के समान मानदेय एवं अन्य व्यवस्थाएं प्रदान की जाएंगी।
जनपद स्तर पर प्रेक्षागृह निर्माण: प्रदेश के सभी जिलों में प्रेक्षागृह का निर्माण किया जाएगा।
संग्रहालय निर्माण: प्रदेश में एक राज्य स्तरीय संग्रहालय और कुमाऊं तथा गढ़वाल मंडल में एक-एक मंडल स्तरीय संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा, ताकि सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय निनाद उत्सव ने उत्तराखंड और पूरे हिमालय क्षेत्र की संस्कृतियों को एक मंच पर लाया है। तिब्बत की आध्यात्मिक परंपराएं, अरुणाचल और मणिपुर के जनजातीय गीत, हिमाचल का खोड़ा नृत्य, असम का बिहू और लद्दाख का जोब्रा नृत्य इस उत्सव की जीवंतता को बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि निनाद-2025 में आयोजित परिचर्चा सत्रों ने आयोजन को और भी अर्थपूर्ण बनाया। मंच पर हिमालय में रंगमंच, उत्तराखंड का सिनेमा, लोक भाषा और संस्कृति, नंदा राजजात, खानपान और विरासत जैसे विषयों पर चर्चाएं हुईं, जो यह दर्शाती हैं कि हमारी संस्कृति केवल परंपरा में नहीं बल्कि नवाचार और रचनात्मक विमर्श में भी जीवित है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद और पद्म विभूषण शास्त्रीय नृत्यांगना सोनल मानसिंह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, उपाध्यक्ष संस्कृत साहित्य एवं कला परिषद मधु भट्ट, संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
