बैंकॉक/कुलालंपुर, 10 नवंबर: म्यांमार से लगभग 300 प्रवासियों को ले जा रही एक नाव थाईलैंड और मलेशिया की सीमा के पास हिंद महासागर में पलट गई, जिससे हाहाकार मच गया। इस घटना में केवल 10 लोगों को बचाया जा सका है, जबकि एक व्यक्ति का शव समुद्र में तैरता हुआ बरामद किया गया है। बाकी सभी लोग अभी भी लापता हैं।
रेस्क्यू टीम को नाव डूबने की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी, जिससे खोज और बचाव में देरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि नाव के डूबने का समय और सटीक स्थान तत्काल पता नहीं चल सका, इसलिए अधिकांश लोग लापता हो गए। एक मलेशियाई अधिकारी ने कहा कि जहाज संभवतः थाई जलक्षेत्र में पलटा था और खतरनाक समुद्री मार्गों का उपयोग करने वाले गिरोह प्रवासियों का शोषण कर रहे हैं।
मलेशियाई समुद्री प्रवर्तन एजेंसी के प्रथम एडमिरल रोमली मुस्तफा ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि नाव म्यांमार के रखाइन राज्य के बुथीदांग शहर से रवाना हुई थी और तीन दिन पहले डूब गई। बचाए गए लोगों में कुछ रोहिंग्या मुसलमान हैं, जो म्यांमार में दशकों से उत्पीड़न झेल रहे हैं।
एजेंसी ने बताया कि मलेशिया के उत्तरी रिसॉर्ट द्वीप लंगकावी के पास पानी में कई जीवित बचे लोगों के पाए जाने के बाद खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल से कम से कम 10 लोगों को बचाया गया, जिनमें एक बांग्लादेशी और कई म्यांमार निवासी शामिल हैं।
