गोवा के एक नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस हादसे में 25 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद फरार हुए संचालक सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। भारत सरकार द्वारा दोनों का पासपोर्ट निलंबित किए जाने के बाद थाई पुलिस ने उन्हें फुकेट में पकड़ा था। अब दोनों आरोपियों को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
सूत्रों के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स का वीज़ा कैंसिल किए जाने के बाद थाई पुलिस अब उन्हें फुकेट से बैंकॉक ले जा रही है। दोनों को बैंकॉक के थाई इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, जहाँ उनके कुछ जरूरी कागज़ी कार्य पूरे किए जाएंगे। पासपोर्ट निलंबित होने के कारण दोनों को भारत वापस भेजने के लिए इमरजेंसी सर्टिफिकेट (EC) जारी किया जाएगा। यह दस्तावेज़ उन्हें एक तरफ़ा भारत यात्रा की अनुमति देता है। उम्मीद है कि सोमवार या मंगलवार तक EC जारी हो जाएगा।
इमरजेंसी सर्टिफिकेट मिलने के बाद उनकी टिकट्स बुक की जाएगी और उन्हें भारतीय अधिकारियों की निगरानी में भारत लाया जाएगा। शुरुआती विचार यह है कि उन्हें बैंकॉक से दिल्ली, और फिर दिल्ली से गोवा भेजा जाएगा। भारत पहुंचते ही दोनों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा तथा 24 घंटे के अंदर उन्हें गोवा की अदालत में पेश किया जाएगा, जहाँ पुलिस उनकी हिरासत मांगेगी।
जानकारी के अनुसार, अग्निकांड के समय लूथरा ब्रदर्स दिल्ली में एक विवाह समारोह में मौजूद थे। घटना के कुछ ही समय बाद दोनों दिल्ली से थाईलैंड रवाना हो गए थे। उन्होंने दिल्ली की एक अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया।
प्रत्यर्पण की प्रक्रिया सुचारू रही तो दोनों आरोपियों को मंगलवार या बुधवार तक गोवा लाया जा सकता है। इसके बाद पुलिस मामले की आगे की जांच और पूछताछ करेगी।
