अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार में खुशियों का माहौल है। राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में आयोजित क्रिसमस पार्टी के दौरान अपने बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की सगाई की पुष्टि की है। ट्रंप जूनियर ने पाम बीच की जानी-मानी सोशलाइट बेटिना एंडरसन से सगाई की है। यह घोषणा 15 दिसंबर 2025 की रात व्हाइट हाउस में आयोजित समारोह के दौरान की गई।
इस मौके पर ट्रंप जूनियर ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटिना ने उनके प्रपोजल को ‘हां’ कहकर स्वीकार किया, जिससे उनका परिवार बेहद उत्साहित है। सगाई की खबर सामने आते ही ट्रंप परिवार के समर्थकों और सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया।
द न्यूयॉर्क टाइम्स समेत कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना एंडरसन पिछले एक साल से अधिक समय से एक-दूसरे के साथ हैं। ट्रंप परिवार के साथ बेटिना की नजदीकियां पहले भी चर्चा का विषय रही हैं।
ट्रंप जूनियर दिसंबर 2024 में पाम बीच में आयोजित बेटिना की बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद वह उन्हें मार-ए-लागो में नए साल की पूर्व संध्या के समारोह में अपने मेहमान के रूप में लेकर आए। इस साल जनवरी में बेटिना ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भी ट्रंप जूनियर के साथ नजर आई थीं। अब दोनों ने अपने रिश्ते को सगाई के जरिए आधिकारिक रूप दे दिया है।
यह डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की तीसरी सगाई है। उन्होंने पहली बार 2004 में वैनेसा ट्रंप को प्रपोज किया था और 2005 में मार-ए-लागो में दोनों की शादी हुई थी। यह रिश्ता करीब 13 साल चला और 2018 में दोनों का तलाक हो गया।
इसके बाद ट्रंप जूनियर की सगाई रिपब्लिकन पार्टी की प्रमुख समर्थक रहीं किम्बर्ली गुइलफॉय से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता 2024 के अंत में खत्म हो गया।
बेटिना एंडरसन, हैरी लॉय एंडरसन जूनियर और इंगर एंडरसन की बेटी हैं। वह पाम बीच की जानी-मानी सोशलाइट, मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हैं। बेटिना सामाजिक और परोपकारी कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ी रही हैं।
वह होप फॉर डिप्रेशन रिसर्च फाउंडेशन की समर्थक हैं और फ्लोरिडा स्थित संरक्षण पहल प्रोजेक्ट पैराडाइज में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके अलावा, वह पाम बीच काउंटी की लिटरेसी कोएलिशन के साथ भी नियमित रूप से समाज सेवा से जुड़ी रहती हैं।
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना एंडरसन की सगाई के साथ ही ट्रंप परिवार में एक नई सदस्य के आगमन की तैयारी शुरू हो गई है, जिसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में काफी चर्चा हो रही है।

