बॉलीवुड की पॉपुलर सिंगर नेहा कक्कड़ एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार कारण उनका नया गाना या परफॉर्मेंस नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर साझा किया गया इमोशनल पोस्ट है। हाल ही में नेहा ने इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक स्टोरीज शेयर की, जिसमें उन्होंने अपनी लाइफ में बड़े बदलाव और ब्रेक लेने की बात कही। ये स्टोरीज कुछ ही समय में डिलीट कर दी गईं, लेकिन तब तक फैंस ने उनके स्क्रीनशॉट्स सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए थे।
पहली स्टोरी में नेहा ने लिखा कि अब समय आ गया है कि वह जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और उन सभी चीज़ों से दूरी बनाएं, जिनके बारे में वह अभी सोच सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह दोबारा सोशल मीडिया पर लौटेंगी या नहीं। दूसरी स्टोरी में उन्होंने फैंस और मीडिया से अपील की कि उन्हें फिल्माया न जाए और उनकी प्राइवेसी का सम्मान किया जाए। नेहा ने लिखा कि वह बिना कैमरों के दुनिया में शांति से जीना चाहती हैं।
सोशल मीडिया पर उनके इस अचानक पोस्ट के बाद कयासों का दौर शुरू हो गया। कई फैंस और यूज़र्स मान रहे हैं कि यह रिएक्शन उनके हाल ही में रिलीज़ हुए गाने ‘कैंडी शॉप’ के नेगेटिव रिस्पॉन्स की वजह से हो सकता है। यह गाना 15 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था और इसमें नेहा ने अपने भाई टोनी कक्कड़ के साथ कोलैब किया था।
नेहा कक्कड़ भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री की बड़ी सिंगर हैं। उन्होंने कम उम्र में ही धार्मिक कार्यक्रमों और जागरणों में गाना शुरू किया। 2005 में उन्होंने इंडियन आइडल के दूसरे सीज़न में हिस्सा लिया। बॉलीवुड में उन्हें असली पहचान 2012 में फिल्म ‘कॉकटेल’ के गाने ‘सेकंड हैंड जवानी’ से मिली। इसके बाद ‘सनी सनी’ और ‘लंदन ठुमकदा’ जैसे सुपरहिट गानों ने उन्हें हर घर में लोकप्रिय बना दिया।
2019 में नेहा कक्कड़ को YouTube पर 13.9 बिलियन व्यूज़ के साथ दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली महिला कलाकारों में शामिल किया गया। 2021 में वह YouTube डायमंड अवॉर्ड जीतने वाली पहली भारतीय सिंगर बनीं। इसके अलावा वह फोर्ब्स इंडिया सेलिब्रिटी 100 और फोर्ब्स एशिया 100 डिजिटल स्टार्स की लिस्ट में भी शामिल रही हैं।
नेहा ने 2020 में पंजाबी म्यूजिक आर्टिस्ट रोहनप्रीत सिंह से शादी की थी। उनकी इस भावुक पोस्ट ने फैंस में चिंता पैदा कर दी है और लोग बेसब्री से उनके अगले कदम और ऑफिशियल स्टेटमेंट का इंतजार कर रहे हैं।
