राज्य सरकार ने आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने और विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए बड़ी धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री द्वारा जारी स्वीकृतियों में आपदा सहायता से लेकर सड़क, भवन और विभागीय विकास योजनाएं शामिल हैं।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित जनपद उत्तरकाशी की तहसील भटवाड़ी अंतर्गत ग्राम धराली में पशु क्षति झेलने वाले प्रभावितों को राहत देते हुए ₹10.56 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इस सहायता से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत जनपद हरिद्वार के रुड़की विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी गई है। यहां जीवनदीप आश्रम, नंद विहार से मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण तथा जीवनदीप एकेडमी गुरुकुलम विद्यालय परिसर में एक हॉल के निर्माण के लिए अवशेष धनराशि के रूप में ₹82.60 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी क्रम में, विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के अंतर्गत मड़माडले क्षेत्र में संपर्क मार्ग निर्माण और टाइल्स लगाने के कार्य हेतु ₹42.65 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इससे स्थानीय निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
जनपद उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाओं के क्रियान्वयन को मंजूरी दी गई है। यहां वन विभाग से संबंधित कार्यों के लिए ₹1.05 करोड़, तथा पंचायतीराज विभाग की घोषणाओं के क्रियान्वयन हेतु ₹86.55 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
सरकार की इन स्वीकृतियों को क्षेत्रीय विकास और आपदा राहत के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। इससे जहां एक ओर प्रभावितों को आर्थिक सहारा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।

