अगले वर्ष प्रस्तावित अर्द्धकुंभ मेले को देखते हुए राज्य सरकार ने राजकीय अतिथि गृहों को आधुनिक, सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने देहरादून स्थित विभिन्न गेस्ट हाउसों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सबसे पहले उन्होंने गढ़ी कैंट स्थित राज्य अतिथि गृह बीजापुर का निरीक्षण किया और इसके कायाकल्प की तीन चरणों वाली कार्ययोजना साझा की।
पहला चरण: भवन की संपूर्ण मरम्मत, वीवीआईपी कक्षों का उच्चीकरण, क्षतिग्रस्त फर्नीचर का प्रतिस्थापन और सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना।
दूसरा चरण: कमरों व बालकनी की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देना।
तीसरा चरण: ड्राइंग रूम, गार्ड कक्ष और खुले प्रांगण की मरम्मत के साथ समुचित लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करना।
इसके बाद सचिव ने रेसकोर्स स्थित ऑफिसर्स ट्रांजिट हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। यहां वर्तमान में रंगाई-पुताई, शौचालयों का नवीनीकरण, नई लिफ्ट की स्थापना, फाल्स सीलिंग, विद्युत वायरिंग और अतिरिक्त कक्षों के निर्माण जैसे कार्य प्रगति पर हैं। निरीक्षण के दौरान पार्किंग क्षेत्र के समीप नौ नए कमरों के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। इन कमरों में डाटा केबलिंग और आधुनिक इंटरकॉम सिस्टम स्थापित किए जाएंगे।
सचिव राज्य संपत्ति ने कहा कि अर्द्धकुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उनका कहना था कि राज्य की छवि इन अतिथि गृहों से जुड़ी होती है, इसलिए यहां ठहरने वाले विशिष्ट अतिथियों और अधिकारियों को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
सरकार का लक्ष्य है कि राज्य की आतिथ्य परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिले।

