भारत और बांग्लादेश के संबंधों में नई गर्माहट देखने को मिल रही है। बांग्लादेश में हाल ही में हुए आम चुनावों के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले तारिक रहमान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र लिखकर बधाई दी है और उन्हें भारत आने के लिए आमंत्रित किया है।
संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को बहुमत मिलने के बाद तारिक रहमान को संसदीय दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें जातीय संसद के साउथ प्लाजा में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जो परंपरा से अलग माना जा रहा है।
भारत की ओर से शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल हुए। उन्होंने तारिक रहमान को पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दीं और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से भेजा गया व्यक्तिगत बधाई पत्र सौंपा।
अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि बांग्लादेश में संपन्न संसदीय चुनावों में जीत और प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्ति पर वे तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताते हुए कनेक्टिविटी, व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की बात कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान, उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी ज़ैमा को सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण भी दिया और भरोसा दिलाया कि भारत में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि नई सरकार के गठन के बाद दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती मिल सकती है।

