राजधानी नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो-2026 में कनाडा के उच्चायोग ने भागीदारी का ऐलान किया है। यह कदम भारत और कनाडा के बीच सुधरते और मजबूत होते संबंधों का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
कनाडा उच्चायोग ने घोषणा की है कि वह इस सप्ताह भारत के साथ एआई पार्टनरशिप को और सशक्त बनाने तथा भविष्य की अर्थव्यवस्था को आकार देने वाले वैश्विक नेताओं के साथ जुड़ने के उद्देश्य से एक्सपो में मौजूद रहेगा। यह कार्यक्रम भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है।
कनाडा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल इनोवेशन मंत्री इवान सोलोमन 18 से 21 फरवरी तक चलने वाले इस समिट में हिस्सा लेंगे। अपने दौरे के दौरान वे भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और तकनीकी सहयोग के नए आयामों पर चर्चा करेंगे।
कनाडा उच्चायोग के अनुसार, यह दौरा एआई और नई प्रौद्योगिकियों में व्यावहारिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है। इससे कनाडाई कंपनियों के लिए भारत में नए अवसर खुलेंगे, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और वैश्विक अर्थव्यवस्था में कनाडा की प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत होगी।
मंत्री इवान सोलोमन भारत आने से पहले म्यूनिख में आयोजित म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में भाग ले चुके हैं। इसके बाद वे भारत में एआई सहयोग को गति देने के उद्देश्य से इस समिट में शामिल हो रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह भागीदारी भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल में दोनों देशों के संबंधों में तनाव देखा गया था।
हालांकि, मौजूदा पहल यह दर्शाती है कि दोनों देश तकनीकी और आर्थिक सहयोग के नए अध्याय की ओर बढ़ रहे हैं, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक प्रमुख सेतु की भूमिका निभा रहा है।

