बोगोटा। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में वायुसेना का एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में प्यूर्टो लेगुइजामो के पास हुआ, जो पेरू सीमा के नजदीक स्थित है।
स्थानीय मीडिया ब्लू रेडियो के अनुसार, विमान में करीब 110 सैनिक सवार थे। यह हादसा उड़ान भरते ही हुआ, जब विमान सैन्य कर्मियों को लेकर रवाना हुआ था।
कोलंबिया रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान Lockheed Martin C-130 Hercules था। यह विमान अमेरिकी कंपनी Lockheed Martin द्वारा निर्मित है और दुनिया के कई देशों की सेनाओं में उपयोग किया जाता है।
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि हादसे के कारणों और हताहतों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल सका है। दुर्घटना शहरी क्षेत्र से करीब 3 किलोमीटर दूरी पर हुई।
इससे पहले फरवरी में बोलीविया में भी इसी मॉडल का C-130 विमान एल आल्टो के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
Lockheed Martin C-130 Hercules एक भारी-भरकम सैन्य परिवहन विमान है—
लंबाई: लगभग 30 मीटर
ऊंचाई: 12 मीटर
वहन क्षमता: करीब 19 टन
गति: लगभग 643 किमी/घंटा
रेंज: 3300 किमी से अधिक
यह विमान खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों में भी उड़ान भरने में सक्षम है, इसी वजह से अमेरिका, भारत सहित 20 से अधिक देश इसका उपयोग करते हैं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी हैं, जबकि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

