रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के उत्तर जखोली रेंज के चमराड़ा क्षेत्र में बुधवार को एक तेंदुआ पानी के स्टोरेज टैंक में फंस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर टीम रवाना की।
वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को टाला जा सके। इसके बाद रेस्क्यू रिस्पॉन्स टीम (RRT) ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेन्द्र सिंह, वन क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र नेगी तथा हरिशंकर रावत के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएस पुंडीर ने बताया कि तेंदुए को बिना किसी चोट के सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस घटना में न तो किसी व्यक्ति को नुकसान हुआ और न ही वन्यजीव को कोई क्षति पहुंची।
वन विभाग ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए क्षेत्र में नियमित गश्त, कैमरा ट्रैपिंग और जन-जागरूकता अभियान जारी रहेंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वन्यजीव से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत विभाग तक पहुंचाएं और सतर्कता बरतें।

