लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को केरल के कोट्टायम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कई बड़े वादे किए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक नया मंत्रालय बनाने और उनकी पेंशन बढ़ाकर ₹3000 प्रति माह करने की घोषणा की।
राहुल गांधी ने कहा,
“हम वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक नया मंत्रालय बनाएंगे, जो उनके हितों का ध्यान रखेगा। उनकी पेंशन बढ़ाकर ₹3000 करने जा रहे हैं।”
रैली के दौरान राहुल गांधी ने केरल की एलडीएफ सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने रबर किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं किए।
उन्होंने कहा कि 2016 के घोषणापत्र में रबर की कीमत ₹250 प्रति किलो रखने का वादा किया गया था, लेकिन पिछले 10 वर्षों में किसानों को निराशा ही हाथ लगी। राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि यदि यूडीएफ की सरकार बनती है, तो पहली कैबिनेट बैठक में ही रबर की कीमत ₹250 तय की जाएगी और आगे इसे ₹300 प्रति किलो तक बढ़ाया जाएगा।
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने केरल की नर्सों की खुलकर तारीफ की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनकी मां अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी देखभाल एक केरल की नर्स कर रही है, जिससे उन्हें सुकून महसूस हो रहा है।
राहुल गांधी ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी को भी याद किया। उन्होंने पुथुप्पल्ली सीट का जिक्र करते हुए कहा कि ओमान चांडी ने 50 वर्षों तक जनता की सेवा की और लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी, बीमारी के बावजूद ओमान चांडी पैदल चले थे, जो उनके समर्पण को दर्शाता है। राहुल गांधी ने बताया कि वह उनके बेटे के समर्थन में प्रचार करने आए हैं।
केरल में चुनावी माहौल के बीच राहुल गांधी के ये वादे और बयान राजनीतिक बहस को और तेज कर सकते हैं। खासतौर पर बुजुर्गों की पेंशन, किसानों की आय और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों को उन्होंने अपनी रैली में प्रमुखता से उठाया।

