
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया के नेतृत्व में विजय शंखनाद यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। आप के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के खाद्य एवं सुरक्षा मंत्री इमरान हुसैन गुरुवार से दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। वह यहां चार विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद करेंगे।बुधवार को आप के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता नवीन पिरसाली ने कहा कि आप प्रभारी दिनेश मोहनिया के नेतृत्व में विजय शंखनाद यात्रा का दूसरा चरण गुरुवार से कुमाऊं व गढ़वाल के आठ विधानसभा क्षेत्रों में शुरू हो रहा है। प्रदेश प्रभारी दो दिसंबर को रामनगर पहुंचेंगे। यहां कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में विजय शंखनाद यात्रा निकालेंगे। इसके बाद तीन दिसंबर को सोमेश्वर विधानसभा, चार दिसंबर को द्वाराहाट व सल्ट विधानसभा, पांच दिसंबर को गढ़वाल मंडल की विकासनगर विधानसभा में यात्रा निकालेंगे।
आप के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के खाद्य एवं सुरक्षा मंत्री इमरान हुसैन गुरुवार से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान इमरान कुमाऊं व गढ़वाल मंडल के चार विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद करेंगे। इसकी शुरुआत हल्द्वानी से होगी। इसके बाद शाम को जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आम जन से संवाद करेंगे। अगले दिन शुक्रवार को गढ़वाल मंडल की पिरान कलियर और मंगलौर विधानसभा में जनता को संबोधित करेंगे।आप के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बुधवार को देहरादून कैंट विधानसभा और मसूरी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकत्र्ताओं व जनता से संवाद किया। कैंट के प्रेमनगर में राजेंद्र गौतम ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। इसके बाद मसूरी विधानसभा क्षेत्र के जोहड़ी गांव में राजेंद्र गौतम ने आमजन को आम आदमी पार्टी की नीतियों से रूबरू कराया।