
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में आयोजित एशियाई कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर भव्य उद्घाटन किया। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के लगभग 250 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिसमें भारत से 150 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि खेलों में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच से न केवल नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं, बल्कि खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, जैसे मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खेल रत्न पुरस्कार और खेल कोटे की व्यवस्था।
उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण, स्वच्छता और नशा मुक्त जीवन के लिए जागरूक रहने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने राज्य में खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना के लिए काम जारी रखने का आश्वासन दिया।
धामी ने बताया कि उत्तराखंड ने हाल ही में राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीत कर सातवां स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में खेलों के लिए 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय फेंसिंग महासंघ के महासचिव राजीव मेहता ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में तजाकिस्तान, सीरिया, मलेशिया, श्रीलंका, थाईलैंड, इंडोनेशिया समेत कई देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।