देहरादून। पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में बार एसोसिएशन देहरादून के अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के विकास कार्यों की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। अधिवक्ताओं ने विशेष रूप से वकीलों के हितों के संरक्षण, न्यायालय परिसरों में सुविधाओं के विस्तार और न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के कदमों को सराहा।
बैठक में नई आपराधिक संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने कहा कि इन संहिताओं के लागू होने से न्याय प्रणाली अधिक सशक्त, त्वरित और जनोन्मुखी बनेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने में बार और बेंच के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक अधोसंरचना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। न्यायालय परिसरों के आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और ई-कोर्ट प्रणाली को बढ़ावा देने के साथ-साथ न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में कई पहल की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए बार भवनों का निर्माण, पुस्तकालयों का सुदृढ़ीकरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं और बार संगठनों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाएगा।

