
चारधाम यात्रा के इतिहास में केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों का नया रिकॉर्ड बना है। चार महीने की यात्रा के दौरान 11 लाख से अधिक श्रद्घालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इससे पहले 2019 में संपूर्ण यात्रा सीजन में यात्रियों की संख्या 10 लाख पहुंची थी। बदरीनाथ धाम में साल 2019 में 12,44,100 पहुंचे थे। जबकि इस यात्राकाल में अभी तक धाम में 11,76,666 तीर्थयात्री दर्शन के लिए पहुंचे हैं। ऐसे में अब इस बार चारधाम यात्रा भी नया कीर्तिमान बनाने की ओर है।
वर्ष 2019 की चारधाम यात्रा में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में कुल 34 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर रिकॉर्ड बनाया था। दो साल तक कोविड महामारी के कारण यात्रा प्रभावित रही। इस साल यात्रा शुरू होते ही चारधामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिसे नियंत्रित करने के लिए सरकार को धामों में प्रतिदिन दर्शन के लिए संख्या तय करनी पड़ी।