
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमने अपना नायक खोया है। जनरल बिपिन रावत के निधन पर जहां पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। हर किसी की आंख नम हैं। राज्य में भी तीन दिन का शोक रहा। ऐसे में एक पार्टी के बड़े नेता नृत्य कर रहे थे। यह है राजनीतिक दलों का चरित्र। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में एक भी राजनीतिक दल राज्य में कहीं भी नहीं दिखा। अब चुनाव आ गए हैं तो तमाम राजनीतिक दलों की गतिविधियां दिखने लगी हैं।रविवार को ऊंचापुल स्थित रामलीला मैदान में 29 विधानसभा सीटों के लिए तैयार जन सुझाव रथ यात्रा के शुभारंभ करने के बाद सीएम ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में भारत में एक दल की सरकार रही। 55 वर्ष तक एक ही परिवार ने राज किया। इस दौरान तमाम घोटाले हुए। तमाम उल्टे-पुल्टे काम हुए। जनता इस दल को जानती है।
उन्होंने पीएम नरेन्द्र मोदी की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि पीएम ने उत्तराखंड के लिए काम किया है। उनके विजन से उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है। वह 24 को कुमाऊं आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में देश में विकास हुआ है। वह विश्व प्रसिद्ध नेता हैं। उनके विजन से ही आज देश फिर से शक्तिशाली बनने को है।सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनरल बिपिन रावत का लगाव उत्तराखंड के बच्चे-बच्चे से था। उन्होंने उत्तराखंड को लेकर बहुत सारे सपने संजोए थे। उत्तराखंड को लगातार आगे बढ़ाने का उनका विजन था। जहां उनका अंतिम संस्कार हो रहा था, वहीं एक राजनीतिक दल के लोग महोत्सव मना रहे थे। उन्हें शर्म आनी चाहिए। आखिर ये लोग इस देश के अंदर रहते हैं। ये नेता इस देश में केवल शरीर से रहते हैं, लेकिन उनकी आत्मा कहीं और रहती है। इसलिए उन्हें देश के सरोकारों से कोई मतलब नहीं है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि जनसुझाव रथ यात्रा में दो तरह के सुझाव लिए जा रहे हैं। इन सुझावों के जरिये ही हमारा घोषणा पत्र तैयार होगा। राज्य के विकास के लिए काम होगा। सभी विधानसभा सीटों में यह रथ जाएगा।