देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों और आपदा राहत के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाएं तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए ₹32.93 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें पहली किश्त के रूप में ₹13.17 करोड़ जारी किए गए।
इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क सुरक्षा कार्यों के लिए ₹2.91 करोड़ में से ₹1.17 करोड़ की पहली किश्त मंजूर की गई है।
पिथौरागढ़ के ग्राम सीपू, गिदांग, बौना और फिलम में नदी किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए ₹96 लाख (पहली किश्त ₹57.33 लाख) स्वीकृत किए गए।
जिले में प्रवेश द्वार निर्माण के लिए ₹49.12 लाख और धारचूला के मुनस्यारी ब्लॉक में सड़क निर्माण हेतु ₹24.51 लाख मंजूर किए गए।
राज्य आपदा मोचन निधि के तहत देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी के लिए कुल ₹34 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
साथ ही उत्तरकाशी में प्राकृतिक आपदा में मृत 18 लोगों के आश्रितों को ₹1-1 लाख की अतिरिक्त सहायता भी मंजूर की गई है।
उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में ग्राम्य विकास योजनाओं के लिए ₹1.95 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
रायपुर विधानसभा क्षेत्र में स्कूलों की मरम्मत, पुनर्निर्माण और अन्य कार्यों के लिए ₹42.30 लाख की मंजूरी दी गई है।
अल्मोड़ा के सोमेश्वर क्षेत्र में सिंचाई गूल निर्माण के लिए ₹2.48 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें पहली किश्त के रूप में ₹99 लाख जारी किए गए हैं।
इन स्वीकृतियों के माध्यम से राज्य सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर जोर दे रही है।

