देहरादून।
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बुधवार को मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 31 दिसंबर को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। विशेष रूप से 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
वहीं, मैदानी जिलों हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के साथ ही चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे का असर प्रदेशभर के तापमान और जनजीवन पर पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन और पांच जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर लगातार तीसरे दिन हवाई यातायात प्रभावित रहा। सुबह से शाम तक कुल नौ उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
इंडिगो की अहमदाबाद से आने वाली फ्लाइट सुबह 7:55 बजे के बजाय 11:41 बजे पहुंची। भुवनेश्वर से इंडिगो की उड़ान 8:25 की जगह 12:16 बजे, दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट 9 बजे के बजाय 12:09 बजे और जयपुर से इंडिगो की उड़ान पौने दस के स्थान पर 12:24 बजे एयरपोर्ट पहुंची। इसके अलावा एअर इंडिया मुंबई 9:55 की जगह 12:42 बजे, एलायंस एयर कुल्लू 10:05 की बजाय 11:23 बजे, इंडिगो हैदराबाद 11:10 के बजाय 12:36 बजे, एअर इंडिया दिल्ली शाम 4:10 के स्थान पर 4:46 बजे और इंडिगो पुणे 5:05 की जगह 6:39 बजे देहरादून पहुंची।
मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
