देहरादून। पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आज कैबिनेट बैठक शुरू हुई। बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश की जानकारी मंत्रिमंडल को दी। इस मौके पर मुख्य सचिव द्वारा प्रधानमंत्री के संदेश का औपचारिक वाचन किया गया।
प्रधानमंत्री के संदेश पर मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि यह संदेश राज्य में विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को और गति देने के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है।
बैठक में राज्यहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा जारी है और कई अहम निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

