
कांग्रेस के सीधे निशाने पर युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आ गए हैं। धामी को केंद्र में रखकर प्रमुख विपक्षी पार्टी अपनी परिवर्तन यात्रा को अंतिम रूप दे रही है। यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र खटीमा से होगी। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत पार्टी के दिग्गज नेता संयुक्त रूप से परिवर्तन यात्रा की कमान संभालेंगे। पार्टी पूरी ताकत और एकजुटता के साथ भाजपा सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है।कांग्रेस प्रदेश में भाजपा की चुनावी रणनीति की काट और जवाबी प्रहार के लिए कमर कस रही है। कुमाऊं मंडल से युवा चेहरे को आगे करने के भाजपा के सियासी दांव का जवाब परिवर्तन यात्रा से दिया जाएगा। यात्रा में सबसे पहले निशाने पर भी मुख्यमंत्री धामी को ही लिया जाएगा। इसी वजह से परिवर्तन यात्रा का पहला चरण कुमाऊं मंडल में तय किया गया है। इसमें ऊधमसिंह नगर जिले पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित किया गया है।
मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र खटीमा से सितारगंज तक यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद किच्छा से रुद्रपुर, नैनीताल जिले के लालढांग होते हुए यात्रा हल्द्वानी पहुंचेगी। रामनगर से जसपुर होते काशीपुर में पहले चरण की यात्रा का समापन होगा। यात्रा का दूसरा चरण गढ़वाल मंडल में रखा जाएगा। मैदानी क्षेत्रों के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में परिवर्तन यात्राएं चलेंगी।परिवर्तन यात्रा की तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी। दरअसल पार्टी ने पहले 21 अगस्त से परिवर्तन यात्रा प्रारंभ करने का मन बनाया था। 22 अगस्त को रक्षाबंधन और 23 अगस्त से विधानसभा के मानसून सत्र को देखते हुए कार्यक्रम में कुछ तब्दीली की गई है। विधानसभा सत्र 27 अगस्त तक चलेगा। ऐसे में परिवर्तन यात्रा 27 अगस्त के बाद यानी अगस्त के अंतिम हफ्ते के उत्तरार्द्ध से प्रारंभ की जाएगी।
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सामने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में बैठी भाजपा की बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए पार्टी पूरी ताकत झोंकना चाहती है। परिवर्तन यात्रा में भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने के लिए पार्टी के प्रदेश के सभी दिग्गज नेता एकजुट नजर आएंगे। इस मामले में पार्टी हाईकमान का रुख खासा सख्त है। ताकत में बिखराव रोकने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी मौजूद रहेंगे। प्रीतम सिंह को बीते माह प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। यात्रा में हाईकमान के प्रतिनिधि के तौर पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे।परिवर्तन यात्रा में चुनावी रथ के दीदार भी कराए जा सकते हैं। राजस्थान के चुनावी रण में यह रथ कमा दिखा चुका है। चौपहिया वाहन पर बनाए गए इस रथ को दिल्ली से उत्तराखंड लाने की तैयारी है। इसी रथ में बैठकर प्रदेश के तीनों दिग्गज नेता चुनावी मुहिम का आगाज करेंगे।