अल्मोड़ा:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अल्मोड़ा स्थित पौराणिक और सिद्ध धाम जागेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने भगवान जागनाथ (भगवान शिव) से राज्य की निरंतर प्रगति, आपसी सद्भाव और जनता के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है और यहां आकर अद्भुत शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पूजा-पाठ के साथ मंदिर के पुजारियों, स्थानीय श्रद्धालुओं और प्रशासनिक अधिकारियों से भेंट की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को और सशक्त बनाने के लिए बुनियादी सुविधाओं के विकास और संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के देवस्थलों को न केवल श्रद्धा और आस्था के केंद्र के रूप में विकसित करना है, बल्कि इन्हें पर्यटन, रोजगार और आस्था के संगम के रूप में भी आगे बढ़ाना है।
