मार्कपुरम (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 13 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा रायवरम के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक निजी बस जगतियाल से कलिगिरी की ओर जा रही थी, तभी स्लैब खदानों के पास बजरी से लदे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे बस में सवार कई यात्री बाहर नहीं निकल पाए।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्रियों को निकलने का मौका नहीं मिला, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के कनिगिरी क्षेत्र के निवासी होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल मरकापुरम के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
मार्कपुरम के पुलिस उपाधीक्षक नागराजू ने बताया कि अब तक कई घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है और शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बस में आग लगने के कारण कुछ शवों को बाहर निकालने में कठिनाई आ रही है।
वहीं, एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

