हल्द्वानी/अजमेर। नरेंद्र मोदी ने अजमेर से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा टीकाकरण हेतु आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें इस टीके के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए तथा 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। उन्होंने कहा कि इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य मिल सके।
अभियान के अंतर्गत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 819 हो गई है तथा पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित किए गए हैं। विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भारत के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख कार्ड बनाए जा चुके हैं। राज्य में पाँच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो और निर्माणाधीन हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ उपलब्ध हैं। हल्द्वानी में राज्य के प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। हेली एंबुलेंस सेवा और निःशुल्क पैथोलॉजिकल जांच जैसी सुविधाएँ भी आमजन को राहत प्रदान कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह में न आएँ और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएँ। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया, ताकि आगामी तीन महीनों में कोई भी बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

