देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में ₹401.86 करोड़ की लागत से कुल 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इनमें ₹302.42 करोड़ की 41 योजनाओं का लोकार्पण और ₹99.44 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
सीवरेज, जल निकासी और गंगा स्वच्छता पर फोकस
लोकार्पित परियोजनाओं में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत सपेरा बस्ती में 15 MLD एसटीपी निर्माण, आराघर से मोथरोवाला तक ट्रंक सीवर, सहारनपुर चौक से पथरीबाग तक सीवर लाइन और इंदिरानगर क्षेत्र की जलोत्सारण योजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा ओम सिटी, कुसुम विहार और चमन विहार क्षेत्रों में सीवरेज नेटवर्क को भी मजबूत किया गया।
स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूती
चंदरनगर में शव विच्छेदन गृह परिसर में आधुनिक सुविधाओं का निर्माण
सेलाकुई में 100 बेड के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान का निर्माण
छिद्दरवाला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण
देहरादून, विकासनगर, कालसी और चकराता क्षेत्र में कई राजकीय इंटर कॉलेजों के भवन निर्माण
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क व कनेक्टिविटी
कई मोटर मार्गों के निर्माण और अपग्रेडेशन कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिनमें कोटी-डिमऊ, बाड़वाला-जुड्डो मटोगी, ढकरानी हाइडिल कॉलोनी मार्ग सहित अन्य सड़कें शामिल हैं।
साथ ही डोईवाला और ऋषिकेश क्षेत्रों में आंतरिक सड़कों और संपर्क मार्गों का भी विकास किया गया।
बाढ़ सुरक्षा और सिंचाई योजनाएं
अमलावा नदी, टॉस नदी और सुसवा नदी के किनारों पर बाढ़ सुरक्षा योजनाएं लागू की गईं।
चकराता और विकासनगर क्षेत्र में कई नहरों के जीर्णोद्धार कार्य भी किए गए, जिससे कृषि और जल प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं—
- साकेत कॉलोनी (कैनाल रोड) में सीवरेज योजना
- बांदल, सुसवा और जाखन नदियों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य
- नहरों का पुनरोद्धार (ढकरानी, रामबाग, फतेहपुर, आसन आदि)
- डोईवाला में सड़क चौड़ीकरण और ग्रामीण मार्गों का निर्माण
- सहसपुर में कृषि बीज भंडार
- राजपुर रोड क्षेत्र में पेयजल योजना सुदृढ़ीकरण
समग्र विकास की दिशा में कदम
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं से न केवल बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी, बल्कि रोजगार, कृषि और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन परियोजनाओं के जरिए देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

