नई दिल्ली, 19 नवंबर: प्रसिद्ध पंजाबी और बॉलीवुड रैपर-सिंगर बादशाह आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। दिल्ली के पीतमपुरा में जन्मे बादशाह ने अपनी स्कूली पढ़ाई दिल्ली में पूरी की और इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए चंडीगढ़ का रुख किया। इसी दौरान उनके मन में रैपर और सिंगर बनने का जुनून जागा।
बादशाह ने अपने करियर की शुरुआत 2006 में हनी सिंह के साथ रैप क्रू ‘माफिया मुंडीर’ के माध्यम से की। हालांकि दोनों के बीच बाद में मतभेद हुए, लेकिन बादशाह ने खुद को साबित करते हुए कई हिट गाने दिए। उनका ब्रेकथ्रू गाना ‘बैड बॉय’ 2012 में आया, जिसके बाद उन्होंने ‘लड़की कर गई चुल’, ‘डीजे वाले बाबू’, और ‘गेंदा फूल’ जैसे सुपरहिट गानों से अपनी पहचान और मजबूत की।
बादशाह के गानों की लोकप्रियता न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी फैन्स के बीच काफ़ी है। बचपन में आईएएस अफसर बनने की इच्छा रखने वाले बादशाह ने म्यूजिक की दुनिया में अपना नाम रोशन किया। आज वह इंडस्ट्री के सबसे सफल और चर्चित सिंगर्स और रैपर्स में से एक हैं।
बादशाह के फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं और उनके भविष्य के नए प्रोजेक्ट्स का इंतजार कर रहे हैं।
