
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा का चार साल का कार्यकाल कुशासन का रहा है। इस वजह से पार्टी को तीन मुख्यमंत्री बदलने पड़े हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार का आम जन से कोई सरोकार नहीं है। राज्य के सामने महंगाई और बेरोजगारी जैसी मुख्य समस्याएं हैं। महंगाई और कोरोना की वजह से राज्य की अर्थव्यवस्था मंदी का सामना कर रही है।उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में बेरोजगारी की दर छह गुना बढ़ी है। शिक्षित युवाओं की बेरोजगारी में 14.2 फीसद की वृद्धि हुई। अन्य पहाड़ी प्रदेशों के मुकाबले उत्तराखंड में पर्यटन की रफ्तार धीमी पड़ी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम ने आम आदमी का जीवन दूभर कर दिया है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कुल कर्ज 31 मार्च, 2022 तक 68 हजार करोड़ रुपये हो जाएगा। यह प्रदेश की करीब ढाई लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का तिहाई से ज्यादा होगा। रोजगार के मामले में प्रदेश सरकार झूठ बोल रही है। एक सवाल के जवाब में पवन खेड़ा ने उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व या चेहरे को लेकर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह उनके स्तर का मामला नहीं है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोमवार को बीजापुर अतिथिगृह में प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रवक्ताओं की कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रवक्ताओं को पिछली कांग्रेस सरकारों के 10 वर्ष की उपलब्धियों का प्रचार करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रवक्ताओं को प्रचार को मोर्चे पर डटना होगा। इसके लिए हर विषय पर गहन अध्ययन कर कांग्रेस के पक्ष को मजबूती से रखें।उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल हो चुकी है। कोरोना काल में आक्सीजन की कमी से देश में काफी संख्या में जानें गईं। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मीडिया कमेटी के अध्यक्ष राजीव महर्षि, राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक जरिता लेतफ्लेंग, वरिष्ठ प्रवक्ता सूर्यकांत धस्माना, धीरेंद्र प्रताप, मथुरादत्त जोशी, डा आरपी रतूड़ी, गरिमा महरा दसौनी, दीपक बल्यूटिया, दीप बोहरा, डा प्रतिमा सिंह, लखपत बुटोला, सुजाता पाल व गणेश उपाध्याय मौजूद रहे।