
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार में आने से पहले जनता से जितने भी वायदे भाजपा ने किए थे, वो एक भी पूरे नहीं हुए हैं। समाज के हर वर्ग को भाजपा सरकार सड़क पर ले आई है।नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह शनिवार को पूर्व सांसद त्रेपन सिंह नेगी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। ऋषिकेश इंद्रमणि बडोनी चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात कर उनका स्वागत किया। बातचीत में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है।
इस बार जनता भी कांग्रेस के साथ खड़ी नजर आ रही है।नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि लोकपाल विधेयक की बात कहकर भाजपा ने जनता के साथ छल किया है, जबकि हम इसके पक्ष में थे। मगर सरकार ने लोकपाल को प्रवर समिति को सौंप कर ठंडे बस्ते में डाल दिया। लोकपाल की नियुक्ति होती तो निश्चित रूप से घोटालों और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगता। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, प्रदेश सचिव विजय पाल सिंह रावत, शैलेंद्र बिष्ट, मनोज गुंसाई, त्रिलोकी नाथ तिवारी, सोनू पांडे, पार्षद जगत नेगी देवेंद्र प्रजापति आदि मौजूद रहे।