
उत्तराखंड सरकार ने अफगानिस्तान में फंसे 42 उत्तराखंड के अन्य व्यक्तियों की सूची विदेश मंत्रालय को भेजी है। इससे पहले प्रदेश सरकार 110 नामों की सूची विदेश मंत्रालय को भेज चुकी है। इस तरह अभी तक कुल 152 नामों की सूची विदेश मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। विदेश मंत्रालय ने शासन को यह संदेश दिया है कि सूची में शामिल अधिकांश व्यक्ति सकुशल वापस लौट चुके हैं। इनकी वास्तविक संख्या की जानकारी नहीं दी गई है।अफगानिस्तान में फंसे हुए व्यक्तियों को वापस लाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रयासरत है। इसके लिए सरकार विदेश मंत्रालय से संपर्क साधे हुए है। अफगानिस्तान से लौट कर आने वाले प्रदेशवासियों को मुफ्त वापस लाने की सरकार ने व्यवस्था की हुई है। इसके लिए एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। इसके साथ ही सरकार ने सभी जिलों को अफगानिस्तान में फंसे व्यक्तियों की सूचना एकत्रित करने को कहा है।
हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी अफगानिस्तान में फंसे व्यक्तियों के स्वजन को सूचना देने को कहा गया है। रविवार तक सरकार के पास 42 नए नामों की सूची पहुंची। यह सूची दोपहर बाद ई मेल के जरिये विदेश मंत्रालय को भेज दी गई। अपर मुख्य सचिव गृह व मुख्यमंत्री आनंद वद्र्धन ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि देर शाम विदेश मंत्रालय से भी यह संदेश आया है कि प्रदेश सरकार द्वारा भेजी गई सूची में से अधिकांश व्यक्ति वापस आ चुके हैं।रविवार को अफगानिस्तान से एक विमान नई दिल्ली में उतरा। वापस लौटने वालों में उत्तराखंड के कई निवासी शामिल थे। इनमें से चुनिंदा ही प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित हेल्प डेस्क तक पहुंचे। वापस आने वाले सभी व्यक्ति अपनी व्यवस्था से ही अपने गंतव्य को रवाना हुए, जबकि सरकार की ओर से एयरपोर्ट के बाहर इन्हें वापस लाने के लिए वाहन की व्यवस्था की गई थी।