
लंबे इंतजार के बाद नैनीझील से सोमवार देर शाम पानी की निकासी शुरू कर दी है। झील का जलस्तर 12 फीट से ऊपर पहुंच गया है। पिछले मानसून में एक अगस्त को झील से जल निकासी शुरू कर दी गई थी।सिंचाई विभाग झील नियंत्रण कक्ष के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर केस चौहान ने बताया कि सोमवार शाम झील का जलस्तर 12 फीट पार करते ही झील से स्वत: पानी की निकासी शुरू होने लगी थी। जल निकासी के लिए इस बार झील में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगाया गया था। नए सिस्टम ने सफलतापूर्वक काम करना शुरू कर दिया है। जलनिकासी से सिस्टम के सफलता की जांच भी पुख्ता हो गई है। इसके साथ ही पुराने मैनुअल सिस्टम को भी खोला गया। वह भी सही काम कर रहा है। झील के जलस्तर पर निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो पूरी रात निगरानी करेंगे।
सरोवर नगरी में सोमवार शाम को मूसलधार बारिश हुई। बारिश में लोग जहां के तहां ठिठकने को मजबूर हो गए। बारिश का वेग करीब घंटे रहा। इस बीच दफ्तरों से घरों को जा रहे कर्मचारियों की खूब परेशानी हुई और विभिन्न शहरों से आए सैलानी बारिश में सिर छुपाते नजर आए। करीब एक घंटे हुई बारिश में कई सड़कें जलमग्न हो गई। आर्मी हौली-डे होम, लोवर मालरोड व कैपिटल सिनेमा के समीप मार्ग में जलभराव होने से लोगों को आने जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। तेज बारिश के चलते नाले उफान पर आ गए और मलबे के साथ कूड़े के ढेर नैनीझील में समा गए। जीआइसी मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आद्र्रता अधिकतम 85 व न्यूनतम 55 प्रतिशत रही। बारिश दस मिमी हुई।