 
        राघोपुर, बिहार | अक्टूबर 2025
राजद नेता राबड़ी देवी गुरुवार को अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचीं। इस दौरान राघोपुर की जनता ने तेजस्वी यादव से जुड़ी कई शिकायतें उनके सामने रखीं।
राघोपुर बिहार का वीआईपी विधानसभा क्षेत्र माना जाता है और यह राजद का गढ़ भी है। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी इसी सीट से मुख्यमंत्री बने थे। अब इस सीट की कमान तेजस्वी यादव के हाथ में है और वह इस बार तीसरी बार राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।
गुरुवार को राबड़ी देवी ने अचानक अपने बेटे के लिए वोट की अपील करते हुए राघोपुर के कई इलाकों का दौरा किया। जैसे ही उनकी गाड़ी पहाड़पुर पूर्वी पंचायत में पहुंची, वहां की जनता ने राबड़ी देवी की गाड़ी रोककर तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी और उनके कामकाज को लेकर शिकायतें कीं।
लोगों ने कहा कि तेजस्वी यादव राघोपुर को अक्सर सौतेला मानते हैं, बाढ़ के समय भी इलाके का दौरा नहीं करते और जनता से मिलने नहीं आते। राबड़ी देवी ने जवाब दिया कि तेजस्वी पूरे बिहार में घूम रहे हैं। जनता ने सवाल किया, “कहां घूमते हैं, राघोपुर आते हैं या नहीं?”
राबड़ी देवी ने कहा, “हम राघोपुर के लोगों को सौतेला क्यों मानेंगे? राघोपुर मेरा घर है और यह विधानसभा मेरे लिए सबसे प्यारी है।” उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी को पूरा बिहार देखने का मौका मिला है।
लेकिन जनता ने यह भी कहा कि 10 साल से तेजस्वी यादव विधायक हैं, बावजूद इसके इलाके की सड़कें नहीं बन पाईं और बाढ़ में पानी जमा हो जाता है। लोगों ने राबड़ी देवी से कहा कि सड़कें बनाए जाएँ, तभी वे वोट देंगे।
राबड़ी देवी ने सभी शिकायतें गौर से सुनी और जनता को आश्वस्त किया कि उनके बेटे क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं।

 
         
         
        