
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में गरजे। एमबी इंटर कालेज के मैदान से जहां मोदी ने मिशन-2022 लिए चुनावी शंखनाद किया, 36 मिनट के भाषण में किसान-जवान व युवाओं को साधा। उन्होंने पहाड़ के लिए भरपूर प्यार दिखाया। अब तक काम न होने पर पीड़ा जताई और बिना नाम लिए विपक्ष पर तीखा प्रहार भी किया। साथ ही जनता के सामने उत्तराखंड के समग्र विकास के माडल का विजन भी रखा।पीएम ने 17500 करोड़ की परियोजनाओं को युवाओं से भी जोड़ा। इसके जरिये मिलने वाले रोजगार का जिक्र किया। चारधाम परियोजना, हाइड्रो प्रोजेक्ट व टूरिस्ट सेक्टर के विकास के जरिये युवाओं को रोजगार मिलने संभावना जताई। प्राकृतिक खेती, हर्बल उत्पाद को पहाड़ से जोड़ते हुए किसानों को लेकर भी तमाम बातें कही। कहा कि कृषि क्षेत्र में भी अगला दशक उत्तराखंड का होगा। पीएम ने महिलाओं की पीड़ा उजागर कर विपक्ष पर तीखा हमला किया।
कहा ,माताएं, बहनें व बेटियां रसोई में धुआं झेलती थीं। शौचालय, कच्ची छत, स्वास्थ्य सुविधाएं न होने का दुख था। इन दिक्कतों को हमने जड़ से दूर करने का प्रयास किया। इससे 13 जिलों की महिलाओं का जीवन आसान हुआ। सैनिक बाहुल्य प्रदेश, जहां सेना का 17.5 प्रतिशत हिस्सा है। वर्तमान व पूर्व सैनिकों की संख्या ही 2.67 लाख है। ऐसे में पीएम ने सैनिकों व पूर्व सैनिकों के लिए संचालित योजना वन रैंक वन पेंशन का उल्लेख किया।जहां मोदी ने सैनिकों के दिल को छूने का प्रयास किया, विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, पिछले सरकारों ने सीमावर्ती क्षेत्र की अनदेखी की। इसे राष्ट्र रक्षा के लिए संतानों को न्योछावर करने वाली कुमाऊं की वीरमाताएं भूल नहीं सकती हैं। इसके जरिये पीएम मोदी ने हल्द्वानी से कुमाऊं की 29 विधानसभा सीटों के लिए चुनावी शंखनाद भी किया। साथ ही भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की हरसंभव कोशिश करते दिखे। चुनाव को लेकर इशारों-इशारों में कह गए कि, मैं पुरानी सरकार के लंबित कामों को खोज-खोज कर ठीक कर रहा हूं। आप उनको ठीक करो।