
चंबा।
पर्यावरणविद व भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी द्वारा जिले में हरियाली कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर विभिन्न प्रकार के उपयोगी पौधों का रोपण कर धरा को हरा-भरा करने का संकल्प लिया गया।
बुधवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जाखणीधार प्रखंड के अंतर्गत पुनाणु महादेव मंदिर से हरियाली कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरणविद व भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी डॉ प्रमोद उनियाल द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उनके नेतृत्व में मंदिर परिसर की खाली भूमि में फलदार व चारापत्ती वाले पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हरियाली कार्यक्रम का शुभारंभ कर दिया गया है। करीब दो माह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में गांव-गांव पौधरोपण के अलावा पर्यावरण के प्रति लोगों को सजग करने और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए पर्यावरणविद, स्वयं सहायता समूह और विषय विशेषज्ञ भी सहयोग कर रहे हैं। वनस्पति शास्त्री व पर्यावरणविद डा. उनियाल ने बताया कि वह वर्तमान में भाजपा की ओर से जिले में हरेला कार्यक्रम के भी संयोजक हैं। बताया पार्टी कार्यक्रम के अलावा वह पर्यावरण के प्रति लोगों को जानकारी देने, संसाधनों का प्रबंधन और वृक्षारोपण को लेकर गांव-गांव जाकर हरियाली कार्यक्रम उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है इसमें ग्राम प्रधानों, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों को भी इससे जोडेंगे। ग्राम प्रधानों को पौधे दिए जाएंगे। बेहतर कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों को वह स्वयं के संसाधनों से पुरस्कृत भी करेंगे। 21 सितम्बर को अभियान का समापन किया जाएगा। इस मौके पर दुर्गेश डंगवाल, शंकरमणि, जगतम्बा भट्ट, प्रकाश गुसाईं आदि मौजूद थे।
फोटो-पुनाणु महादेव मंदिर परिसर में हरियाली कार्यक्रम का शुभारंभ करते भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डॉo प्रमोद उनियाल व अन्य।