डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव Anand Bardhan ने जनपद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए और विकास कार्य किसी भी स्थिति में न रुकें।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने, लंबित टेंडर, स्वीकृतियां और तकनीकी अनुमोदन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को नियमित रूप से परियोजनाओं की समीक्षा करने को कहा।
बैठक में लगभग 41 करोड़ रुपये की लागत से मानस खंड मंदिर माला मिशन के तहत कैंची धाम के सौंदर्यीकरण कार्य, 24 करोड़ की इन्द्रानगर नाला परियोजना, 23 करोड़ की कालाआगर पेयजल योजना समेत कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही 3678 करोड़ रुपये की जमरानी बांध परियोजना को निर्धारित समय (जून 2029) तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने हल्द्वानी में सीवरेज परियोजनाओं, काठगोदाम और रामनगर बस टर्मिनल, कुमाऊं विश्वविद्यालय के भवन निर्माण, मानसिक चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में कैंसर संस्थान जैसे निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने नमो भवन परियोजना में देरी पर नाराजगी जताते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की।
इसके अलावा, राजस्व वसूली, वन भूमि हस्तांतरण, मुख्यमंत्री घोषणाओं, नशा मुक्त अभियान और जन शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम कर नैनीताल को एक योजनाबद्ध और तेजी से विकसित होने वाला जनपद बनाने पर जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में चल रही योजनाओं और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्व विवादों के समाधान, अतिक्रमण हटाने, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों लोगों को लाभ पहुंचाया गया है।
मुख्य सचिव ने पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट और मोबाइल कनेक्टिविटी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

