नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट दिया गया है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 से 11 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। इसी को देखते हुए जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड में येलो अलर्ट लागू किया गया है। सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में लगभग दो डिग्री की गिरावट आएगी। इसके बाद तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मध्य भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, फिर दो दिनों तक 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि 9 से 10 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि अगले सप्ताह मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा, लेकिन 17 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।
पंजाब के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड दर्ज की गई है। फरीदकोट और होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। फिरोजपुर में 5.6, अमृतसर में 5.7, बठिंडा में 6.2 और गुरदासपुर में 7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा में करनाल में 7.2, गुरुग्राम में 8.1, नारनौल में 8.5, हिसार में 8.3 और अंबाला में 9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और ठंड को देखते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

