ओटीटी लवर्स अक्सर वीकेंड पर ऐसी फिल्म की तलाश में रहते हैं, जो शुरुआत से अंत तक बांधे रखे। अगर आप सस्पेंस-थ्रिलर के शौकीन हैं और अंधाधुन या दृश्यम जैसी फिल्मों से आगे कुछ देखना चाहते हैं, तो 2016 में रिलीज हुई रमन राघव 2.0 आपके लिए परफेक्ट चॉइस हो सकती है।
यह फिल्म 1960 के दशक में मुंबई में सक्रिय कुख्यात सीरियल किलर रमन राघव से प्रेरित है, जिसे ‘इंडिया का जैक द रिपर’ भी कहा जाता था। 1968 में उसने फुटपाथ पर सो रहे लोगों की लोहे की रॉड से हत्या कर दहशत फैला दी थी। कहा जाता है कि उसने 40 से ज्यादा हत्याएं की थीं। मानसिक बीमारी (पैरानॉयड स्किजोफ्रेनिया) से पीड़ित रमन की मौत की सजा बाद में उम्रकैद में बदल दी गई और 1995 में यरवदा जेल में उसकी मृत्यु हो गई।
फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने साइको किलर रमन का किरदार निभाया है, जिसे उनकी बेहतरीन अदाकारी के लिए खूब सराहा गया। वहीं विक्की कौशल ने एसीपी राघवन की भूमिका निभाई, जो किलर को पकड़ने की कोशिश में जुटा रहता है। शोभिता धुलिपाला भी फिल्म में अहम भूमिका में नजर आती हैं।
फिल्म की कहानी रमन और इंस्पेक्टर राघवन के बीच चूहे-बिल्ली के खेल पर आधारित है। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब रमन खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर देता है और 9 हत्याओं की बात स्वीकार करता है। लेकिन जेल से फरार होने के बाद वह और भी खौफनाक वारदातों को अंजाम देता है। क्लाइमैक्स में रमन और राघवन आमने-सामने होते हैं, जहां रमन दावा करता है कि राघवन भी उसी की तरह मानसिक रूप से अस्थिर है—यही फिल्म का सबसे बड़ा सस्पेंस है।
फिल्म को IMDb पर 7.3 की मजबूत रेटिंग मिली है। अगर आप इसे देखना चाहते हैं तो यह Netflix और ZEE5 पर उपलब्ध है।
अगर इस वीकेंड कुछ डार्क, इंटेंस और दिमाग हिला देने वाला देखना चाहते हैं, तो ‘रमन राघव 2.0’ आपकी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए।

