मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण के टीजर पर अब रामानंद सागर के बेटे मोती सागर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने टीजर की डिटेलिंग और प्रस्तुति की सराहना की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि सिर्फ टीजर के आधार पर फिल्म को जज करना सही नहीं होगा।
दरअसल, रणबीर कपूर इस फिल्म में भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले हैं। हनुमान जयंती के मौके पर जारी किए गए टीजर में उनका पहला लुक सामने आया, जिसे दर्शकों और फिल्मी सितारों से मिले-जुले रिएक्शन मिल रहे हैं।
मोती सागर ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक काफी पसंद आया और वे इस फिल्म से अच्छा काम देखने की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने रणबीर की तारीफ करते हुए कहा कि वे आज के बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं और उनके अभिनय में गहराई साफ नजर आती है।
हालांकि, उन्होंने साफ तौर पर कहा कि “सिर्फ टीजर देखकर फिल्म का आकलन करना जल्दबाज़ी होगी। पूरी फिल्म देखने के बाद ही सही राय बनाई जा सकती है।”
इसके साथ ही मोती सागर ने 1987 में प्रसारित रामायण और नई फिल्म के बीच हो रही तुलना पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दोनों का फॉर्मेट पूरी तरह अलग है। टीवी सीरियल में कहानी को विस्तार से दिखाने का समय होता है, जबकि फिल्म सीमित समय में पूरी कथा प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा, “हमारी रामायण 78 एपिसोड की थी, जहां हर किरदार और घटना को विस्तार से दिखाया गया। वहीं फिल्म लगभग 3 से 4 घंटे की होगी, इसलिए दोनों की तुलना करना उचित नहीं है।”
गौरतलब है कि नितेश तिवारी की ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होने वाली है और यह फिल्म अपने भव्य पैमाने और स्टार कास्ट को लेकर पहले से ही चर्चा में बनी हुई है।

