हल्द्वानी: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा भारती विभाग, हल्द्वानी द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सेवा बस्तियों में व्यापक सेवा अभियान चलाया गया। इस अवसर पर 60 से अधिक एनएमओ एवं डॉक्टरों की टीम के सहयोग से 10 अलग-अलग स्थानों पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
इन स्वास्थ्य शिविरों में आमजन को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही बीपी, शुगर एवं अन्य सामान्य रोगों की जांच के अलावा आंखों की जांच भी की गई। जरूरतमंद मरीजों के लिए निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, वहीं कई लोगों को मुफ्त चश्मे भी प्रदान किए गए। शिविरों में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं, पुरुष एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों की व्यवस्थाएं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों द्वारा संभाली गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र सेवा प्रमुख धनीराम ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने इस प्रकार के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के माध्यम से नर से नारायण बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
इस सेवा आयोजन में जिला संघचालक हल्द्वानी डॉ. नीलंबर भट्ट, सेवा भारती के प्रदेश सह मंत्री यशपाल सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष हल्द्वानी आनंद सिंह भाकुनी, जिला मंत्री एडवोकेट सुदर्शन राणा सहित सेवा भारती के अनेक कार्यकर्ता और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
