देहरादून। उत्तराखंड में आगामी अप्रैल माह में होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय में नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी बूथ लेवल अधिकारियों के साथ आईटी वॉलिंटियर्स की तैनाती की जा रही है। ये वॉलिंटियर्स गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन में सहयोग करेंगे, साथ ही प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण में भी मदद करेंगे।
उन्होंने ग्राम्य विकास विभाग और शहरी विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान में तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को शीघ्र शामिल किया जाए।
इसके अलावा, गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के आयुक्तों को निर्वाचन संबंधी मैपिंग कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया को सटीक और पारदर्शी बनाया जा सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें शहरी विकास, महिला एवं बाल विकास, सूचना और आईटी से जुड़े अधिकारी शामिल थे। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि SIR प्रक्रिया को सुचारु और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए।

