
स्पाइसजेट की मुंबई-दुर्गापुर उड़ान को हवाईअड्डे पर उतरते समय रविवार को गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा, जिस दौरान उसमें सवार कम से कम 12 यात्री घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्पाइसजेट प्रवक्ता ने कहा कि रविवार मुंबई से दुर्गापुर के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट बोइंग बी737 विमान एसजी-945 को उतरते समय दुर्घटना का सामना करना पड़ा। प्रवक्ता ने कहा कि दुर्घटना के परिणामस्वरूप दुर्भाग्य से कुछ यात्रियों को चोटें आईं हैं। दुर्गापुर पहुंचने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कई यात्री बुरी तरह से घबरा गए. सीटों के ऊपर रखा सामान नीचे गिरने से हालात और भी गंभीर बन गए थे. हालांकि पायलटों की सूझ बूझ से यात्रियों से भरे विमान को ठीक प्रकार से तूफान से बाहर निकाल लिया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि विमान के दुर्गापुर में उतरने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने कहा, ‘‘स्पाइसजेट इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर खेद व्यक्त करता है और वह घायलों को हरंसभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहा है।