मणिपुर के चूड़ाचांदपुर और बिष्णुपुर जिलों की सीमा से लगे इलाकों में मंगलवार रात हुई गोलीबारी से एक बार फिर अशांत राज्य में तनाव बढ़ गया है। अधिकारियों के मुताबिक, चूड़ाचांदपुर जिले की सीमा से सटे तोरबंग और फौगाकचाओ इखाई क्षेत्रों के पास रात करीब 8:30 बजे कई राउंड फायरिंग की गई।
जानकारी के अनुसार, चूड़ाचांदपुर की ओर से आए कुछ अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने तोरबंग गांव को निशाना बनाते हुए हमला किया। सुरक्षाबलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने गोलीबारी के साथ-साथ बमों का भी इस्तेमाल किया, जिससे इलाके में करीब 20 मिनट तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पहाड़ी इलाकों के पास हुई इस ताजा घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हमले में एक नागरिक घायल हुआ है, हालांकि उसकी पहचान अभी सामने नहीं आई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी के पीछे के कारणों और मकसद की जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है, लेकिन तोरबंग इलाके में स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सरकार के निर्देश पर 67 परिवारों के करीब 389 विस्थापित लोगों को हाल ही में तोरबंग इलाके में बसाया गया था। माना जा रहा है कि विस्थापितों की पुनर्वास प्रक्रिया के बीच हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि मणिपुर में वर्ष 2023 से जारी हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 60 हजार से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं। हालात को नियंत्रित करने के लिए राज्य में 13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है। सरकार की पहल से विस्थापित लोगों को बिष्णुपुर जिले में फिर से बसाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन ताजा गोलीबारी ने शांति प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
