
कांग्रेस नेताओं ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को मुख्यमंत्री के सरकारी कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक उमेश शर्मा की सरकार के मंत्री की उपस्थिति में हुई नोकझोंक पर तंज कसते हुए इसे भाजपा का चरित्र और चेहरा बताया।
भाजपा विधायक की जनप्रतिनिधि के साथ हुई नोक-झोंक पर संयुक्त टिप्पणी करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी, महामंत्री राजेन्द्र शाह एवं नवीन जोशी ने कहा कि सरकार के मंत्री की उपस्थिति में घटी यह घटना शर्मसार करने वाली निन्दनीय घटना है। पार्टी विद डिफरेंट तथा कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का नारा देने वाली पार्टी जिसे प्रदेश की जनता ने प्रचण्ड बहुमत के साथ सत्ता सौंपी उसके जनप्रतिनिधि सार्वजनिक मंचों पर लडकर पार्टी का असली चेहरा उजागर कर रहे हैं जिसकी जितनी निन्दा की जाय कम है।
प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह ने कहा कि 2002 तथा 2007 में कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लडने वाले जिन्हें 2012 में कांग्रेस पार्टी ने टिकट देकर सम्मान देने की चेष्टा की जिसे वे पचा नहीं पाये और 2017 में कांग्रेस पार्टी की पीठ मे छुरा भोंक कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान का सौदा कर सत्ता तथा धन के लालच में भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का यही चरित्र है जो आज जनता के सामने आ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब चुनाव का समय नजदीक आ रहा है तथा भाजपा में गये इन लोगों को अपनी आसन्न हार नजर आ रही है तथा सत्ता और धन के मद में इतने चूर हो चुके हैं कि जनता द्वारा चुने हुए जिला पंचायत सदस्य को उसकी औकात दिखाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौका परस्त ऐसे लोग जनप्रतिनिधि होने के काबिल नहीं हैं विधानसभा क्षेत्र की जनता को अपनी भूल सुधार करते हुए आने वाले समय में इस पर विचार करना चाहिए तथा दूसरों को उनकी औकात दिखाने की बात करने वालों को उनकी औकात दिखानी चाहिए।