मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सल्ट क्षेत्र के विधायक महेश सिंह जीना ने मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान विधायक जीना ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद भेंट किए, जिनमें स्थानीय सब्जियां, जैविक कृषि उत्पाद और पहाड़ों में निर्मित प्राकृतिक खाद्य सामग्री विशेष रूप से शामिल थीं।
मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ी उत्पाद न सिर्फ उत्तराखंड की पहचान को मजबूती देते हैं, बल्कि किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों का उपयोग और प्रोत्साहन पहाड़ की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करता है।
सीएम धामी ने कहा कि औपचारिक भेंट के रूप में उत्तराखंड के पारंपरिक और जैविक उत्पादों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे:
- पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिलती है,
- स्थानीय उत्पादन एवं विपणन को बढ़ावा मिलता है,
- महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और किसानों को सीधा आर्थिक लाभ होता है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थानों और धार्मिक संगठनों से अपील की कि अपने कार्यक्रमों और मुलाकातों में पहाड़ी दालें, मंडुवा-झंगोरा, ऑर्गेनिक मसाले, हर्बल उत्पाद, हस्तशिल्प, हाथकरघा वस्त्र और अन्य स्थानीय सामग्री को सम्मानपूर्वक अपनाएँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयास “लोकल टू ग्लोबल” संकल्प को मजबूत बनाएंगे और उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के लिए राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार के नए रास्ते खोलेंगे।
