देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। देहरादून के नकरौंदा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे एक मासूम बच्चे को कुचल दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्चा सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार उसे टक्कर मारते हुए उसके ऊपर से निकल जाती है। हादसे के बाद कार चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो जाता है। इस भयावह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग स्तब्ध हैं।
घटना के बाद नकरौंदा क्षेत्र के स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस तरह के हादसे बढ़ते जा रहे हैं, जिन पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, एक अन्य हादसे में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार रात करीब 11 बजे तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गाजीपुर मंदिर के पास फोरलेन पर हुई।
पुलिस के मुताबिक, पडरौना निवासी विजय गुप्ता (24) अपने मित्र गोलू मद्धेशिया (27) के साथ एक समारोह से बाइक पर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दीपू प्रसाद (27) और छोटे प्रसाद (21) से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में विजय, दीपू और छोटे प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलू को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

